ट्रक हादसे के बाद गांव में तनाव: महिला ने पकड़ा पुलिस का कॉलर, झड़प का वीडियो वायरल

कुशीनगर|1 घंटा पहले
महिला ने पकड़ा पुलिस का कॉलर, झड़प का वीडियो वायरल

कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के जंगल पचरुखिया गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में एक महिला पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ती दिखाई दे रही है। जबकि उसका पति एक सिपाही को थप्पड़ मारता नजर आ रहा है। घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी, धक्का-मुक्की और हंगामा हुआ। हालांकि बाद में पुलिसकर्मी खुद को छुड़ाकर मौके से निकल गए। इस पूरे घटनाक्रम के पीछे बीते महीने हुए एक सड़क हादसे और उसके बाद की पुलिस कार्रवाई को वजह बताया जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार 22 मई को गांव निवासी 33 वर्षीय संदीप मधेशिया अपनी दुकान के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान मोरंग लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क की पटरी पर चढ़ गया और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनका पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान एक जून को उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया था।

जब्त ट्रक से मोरंग उतरवाने का आरोप

हादसे के बाद नया विवाद तब शुरू हुआ जब ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा सील किए गए ट्रक से अगले दिन मोरंग उतरवाई गई। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो में ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से ट्रक से मोरंग उतारते कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बाद में इस मोरंग को बेच दिया गया। वहीं पुलिस पर यह भी आरोप लगाया गया कि शिकायत करने वालों को ही ट्रक में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी के मामलों में फंसाने की कोशिश की गई।

दबिश के दौरान बढ़ा विवाद

ग्रामीणों का कहना है कि 30 मई को पुलिस गांव में एक युवक को हिरासत में लेने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस और परिजनों के बीच विवाद हो गया। परिवार का आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई। जिसका विरोध करने पर महिला सदस्यों से भी अभद्रता की गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

गांव के लोगों का आरोप है कि पुलिस रात के समय घरों पर पहुंचकर पूछताछ के नाम पर दबाव बना रही है। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में नाम हटाने या कार्रवाई से बचाने के बदले धनराशि की मांग की जा रही है। मृतक संदीप के परिजनों ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि हादसे के बाद सहयोग करने वाले लोगों को भी परेशान किया जा रहा है।

पुलिस ने जांच की बात कही

कुबेरस्थान थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह ने पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद होने की पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने जब्त ट्रक से मोरंग उतरवाए जाने के आरोपों की जानकारी से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले ने प्रशासनिक स्तर पर भी गंभीरता हासिल कर ली है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।