लखनऊ में हाईटेंशन तार के करंट से झूलसी महिला: छत पर कपड़े सुखाने के दौरान हुआ हादसा, हालत नाजुक

लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित गहरूं विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाली जरयापुरुनी कॉलोनी में रविवार सुबह कपड़े सुखाने गई एक महिला हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। जानकारी होने पर स्वजन उसे उपचार के लिए सरोजनीनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने सिविल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार,जयराजपुरी कॉलोनी में रविवार सुबह एक महिला हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। घटना में गंभीर रूप से झुलसी महिला का नाम मीरा है, जो जयराजपुरी कॉलोनी के निवासी संदीप रावत की पत्नी हैं। सुबह करीब 9 से 11 बजे के बीच मीरा अपने मकान की दूसरी मंजिल की छत पर कपड़े सुखाने गई थीं। इसी दौरान उनका दुपट्टा छत के ठीक बगल से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट का झटका लगते ही वह बाउंड्री के बाहर छज्जे पर गिर गईं और उनका पैर तार से छू गया। वह तार से चिपकी रहीं और करीब 5 मिनट तक तड़पती रहीं, जिससे उनके शरीर से धुआं उठने लगा।
सीएचसी से सिविल अस्पताल किया रेफर
आस-पास के लोगों ने जब यह खौफनाक मंजर देखा, तो उन्होंने तुरंत शोर मचाया और गहरू पावर हाउस में फोन कर बिजली की सप्लाई बंद कराई। सप्लाई बंद होने के बाद महिला को नीचे उतारा गया और एंबुलेंस के जरिए सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहाँ फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।इस हादसे के बाद से स्थानीय निवासियों में रिहायशी इलाकों के इतने करीब से हाईटेंशन लाइन गुजरने को लेकर काफी नाराजगी है।










