विदेश भेजने के नाम पर इंटरव्यू सेंटर पर पुलिस का छापा: पासपोर्ट सहित कई दस्तावेज बरामद, बिना अनुमति अवैध रूप से संचालित था सेंटर

जिले में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर संचालित एक इंटरव्यू सेंटर पर पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। छापे के दौरान भारी मात्रा में पासपोर्ट, विभिन्न दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए गए। मौके पर मौजूद लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बरामद सामग्री का परीक्षण किया जा रहा है।
यह कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के सतभरिया स्थित डायसन ट्रेनिंग एंड टेस्ट सेंटर में की गई। यहां रूस, ओमान और दुबई जैसे देशों में रोजगार दिलाने के नाम पर युवाओं के इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे थे। बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक इंटरव्यू प्रक्रिया में शामिल होने के लिए सेंटर पहुंचे थे। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि यह सेंटर आवश्यक प्रशासनिक अनुमति के बिना संचालित किया जा रहा है। विदेश भेजने के नाम पर युवाओं से संपर्क किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सेंटर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की प्रतियां, आवेदन संबंधी दस्तावेज, कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने सभी दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सेंटर के संचालन के लिए आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति और अन्य औपचारिकताओं का अभाव था। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं का आर्थिक शोषण तो नहीं किया जा रहा था। इस संबंध में बरामद अभिलेखों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की जा रही है।
आयोजकों और अभ्यर्थियों से भी पूछताछ
छापेमारी के दौरान सेंटर के आयोजकों, कर्मचारियों और कुछ अभ्यर्थियों से भी पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले से जुड़े प्रत्येक पहलू की पड़ताल की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









