महराजगंज में दबंगों ने बीच सड़क रोकी रोडवेज बस: चालक-परिचालक से की मारपीट, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

कोल्हुई थाना क्षेत्र में रोडवेज कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट की घटना ने परिवहन विभाग और प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है। कुछ अज्ञात लोगों ने सोनौली रोडवेज डिपो की एक बस को बीच सड़क पर रोक दी। उसके बाद दबंगों ने चालक और परिचालक के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि दबंगों ने बस में घुसकर गाली-गलौज की। कर्मचारियों के साथ हाथापाई की और विरोध करने पर बस में तोड़फोड़ भी कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया है। रोडवेज कर्मचारियों ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, सोनौली डिपो की रोडवेज बस अपने निर्धारित रूट पर यात्रियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान कोल्हुई थाना क्षेत्र में कुछ लोगों ने अचानक बस को सड़क पर रुकवा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने पहले चालक और परिचालक से बहस शुरू की और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि कुछ लोग जबरन बस के अंदर घुस गए। दबंगों ने चालक और परिचालक को पीटना शुरू कर दिया। घटना के दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग डर के कारण बस से नीचे उतर गए।
बस में तोड़फोड़
मारपीट के दौरान आरोपियों ने रोडवेज बस में तोड़फोड़ भी की। सीटों और खिड़कियों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। सड़क पर अचानक हुए इस हंगामे से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। आम लोगों ने सार्वजनिक परिवहन कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। घटना के बाद परिचालक ने कोल्हुई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में अज्ञात लोगों पर मारपीट, अभद्रता और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। रोडवेज कर्मचारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान आए दिन कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन इस तरह खुलेआम हमला होना बेहद गंभीर मामला है।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। कोल्हुई थाना पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की जा रही है। जिससे आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सकेगा। इस घटना के बाद रोडवेज कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। कर्मचारी संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो, जिससे भविष्य में कोई भी सरकारी कर्मचारियों के साथ इस तरह की गुंडागर्दी करने की हिम्मत न कर सके।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








