संतकबीरनगर में नहर में डूबी मासूम: 3 घंटे बाद रात में मिली बॉडी, घर से खेलने निकली थी बच्ची

बखिरा थाना क्षेत्र के सिहटीकर गांव में एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की नहर में डूबने से मौत हो गई। घर से खेलने निकली बच्ची काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीण भी खोजबीन में जुट गए, लेकिन करीब तीन घंटे बाद नहर में उसका शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सिहटीकर गांव निवासी सलीम की तीन वर्षीय बेटी सिमरन घर से खेलने के लिए निकली थी। देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने आसपास तलाश शुरू की। देखते ही देखते गांव के सैकड़ों लोग भी खोज अभियान में शामिल हो गए। ग्रामीणों ने गांव की गलियों, खेतों और आसपास के इलाकों में घंटों तलाश की। लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। रात करीब नौ बजे गांव के पास से गुजर रही नहर में उसकी बॉडी उतराती दिखाई दी। बॉडी मिलने की सूचना से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
सदमे में परिवार
सूचना मिलते ही बखिरा पुलिस मौके पर पहुंची और बॉडी को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मासूम की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेसुध हो जा रही है। पिता समेत अन्य परिजनों का भी हाल बेहाल है। घटना के बाद गांव के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बच्ची का परिवार बेहद गरीब है। मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता है। उन्होंने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









