संतकबीरनगर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: आठ पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर, 17 दिन में हटाए गए बखिरा थानाध्यक्ष

जिले के पुलिस विभाग में शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। पुलिस अधीक्षक संदीप मीना ने जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से आठ पुलिसकर्मियों के तबादले कर दिए हैं। इस सूची में दो निरीक्षक और कई उपनिरीक्षक शामिल हैं। सबसे ज्यादा चर्चा बखिरा थाने को लेकर रही है। जहां थानाध्यक्ष अरविंद शर्मा को महज 17 दिन के भीतर ही पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह उपनिरीक्षक उमाशंकर त्रिपाठी को बखिरा थाने की कमान सौंपी गई है।
बताया जा रहा है कि अरविंद शर्मा को 12 मई को दुधारा थाने से हटाकर बखिरा थानाध्यक्ष बनाया गया था। हालांकि, कार्यभार संभालने के कुछ ही दिनों बाद पुलिस प्रशासन ने उन्हें वहां से हटाते हुए प्रभारी न्यायालय सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंप दी है। वहीं, प्रभारी न्यायालय सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर सतीश सिंह को अपराध शाखा भेजा गया है। पुलिस महकमे में हुए इस अचानक बदलाव को लेकर चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।
कई चौकियों पर बदले गए प्रभारी
एसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार कांटे चौकी प्रभारी रहे उपनिरीक्षक उमाशंकर त्रिपाठी को बखिरा थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं उपनिरीक्षक प्रभांशु राय को कांटे चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा शैलेन्द्र कुमार को बघौली चौकी प्रभारी बनाया गया है। प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाले इन तबादलों को पुलिस व्यवस्था में नए संतुलन और बेहतर मॉनिटरिंग की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। उपनिरीक्षक अशोक कुमार दुबे को लाइन हाजिर किया गया है। ध्रुवनारायण यादव को कलेक्ट्रेट चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं उपनिरीक्षक कमलेश यादव को धनघटा थाने में नई तैनाती दी गई है। पुलिस विभाग के भीतर हुए इस व्यापक फेरबदल के बाद संबंधित अधिकारियों ने नई जिम्मेदारियां संभालनी शुरू कर दी हैं।
कानून-व्यवस्था मजबूत करने का दावा
पुलिस अधीक्षक संदीप मीना ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से यह प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग को बेहतर बनाने और जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर समीक्षा के आधार पर स्थानांतरण किए जाते रहेंगे। जिले में हुए इस फेरबदल के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कार्यप्रणाली और प्रदर्शन के आधार पर कुछ और बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं।











