कोटा में संतकबीरनगर के छात्र की संदिग्ध मौत: फंदे से लटकी मिली बॉडी, दो वर्ष से कोटा में कर रहा था तैयारी

राजस्थान के कोटा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा (जेईई) की तैयारी कर रहे संतकबीरनगर जिले के 17 वर्षीय छात्र आर्यन ओझा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी बॉडी कोटा के राजीव गांधी नगर स्थित एक पीजी में छत के पंखे से लटकी मिली। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला माना है। हालांकि अभी तक इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जबकि गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के पुनया गांव निवासी कृपाशंकर ओझा के इकलौते पुत्र आर्यन ओझा पढ़ाई में बेहद मेधावी छात्र था। आर्यन ने नवोदय विद्यालय से इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की थी। इंजीनियर बनने का सपना लेकर वह करीब दो वर्ष पहले कोटा गया था। जहां एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान में जेईई की तैयारी कर रहा था। वह राजीव गांधी नगर स्थित एक पीजी में रहकर अपनी पढ़ाई पर पूरी तरह केंद्रित था। परिवार और गांव के लोगों को उससे काफी उम्मीदें थीं।
साथियों ने देखी बॉडी
कोटा पुलिस के मुताबिक, पीजी में रहने वाले अन्य छात्रों ने आर्यन की बॉडी कमरे में फंदे से लटकी देखी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने कमरे की जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों के पहुंचने के बाद होगा पोस्टमॉर्टम
कोटा के पुलिस उपाधीक्षक योगेश शर्मा ने बताया कि बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए एमबीएस अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। उधर, होनहार छात्र के असमय निधन की खबर से पुनया गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और परिचितों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।











