सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ में दो नए बिजली उपकेंद्रों को मंजूरी: अब बेलहवा उपकेंद्र पर निर्भरता होगी खत्म, जल्द काम शुरू कराने का दिया आश्वासन

सिद्धार्थनगर|08 अगस्त 2026
अब बेलहवा उपकेंद्र पर निर्भरता होगी खत्म, जल्द काम शुरू कराने का दिया आश्वासन

शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को मजबूत करने के लिए दो नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जाएंगे। विधायक विनय वर्मा की मांग पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने ढेबरूआ में 132 केवी और तुलसियापुर में 33 केवी क्षमता के उपकेंद्र को मंजूरी दी है। मंत्री ने दोनों परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन दिया है।

लखनऊ में ऊर्जा मंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक विनय वर्मा ने मांगपत्र सौंपकर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में शोहरतगढ़ क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति मुख्य रूप से बेलहवा उपकेंद्र से होती है। यह उपकेंद्र करीब 40 किलोमीटर दूर है। ऐसे में तकनीकी खराबी या फाल्ट होने पर नेपाल सीमा से सटे पूरे क्षेत्र की आपूर्ति प्रभावित हो जाती है।

हजारों उपभोक्ताओं को कटौती से मिलेगी राहत

बेलहवा उपकेंद्र की दूरी अधिक होने के कारण खराबी आने पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली कटौती झेलनी पड़ती है। नए उपकेंद्र बनने से विद्युत आपूर्ति की क्षमता बढ़ने के साथ मौजूदा लोड का दबाव भी कम होगा। किसी तकनीकी समस्या की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध रहने से आपूर्ति को अधिक सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।

विधायक ने जताया ऊर्जा मंत्री का आभार

विधायक विनय वर्मा ने कहा कि दोनों उपकेंद्रों के निर्माण से शोहरतगढ़ क्षेत्र की वर्षों पुरानी बिजली समस्या काफी हद तक दूर होगी और उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति मिल सकेगी। उन्होंने स्वीकृति के लिए ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का आभार जताया। इस दौरान भाजपा गोरखपुर व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप कमलापुरी भी मौजूद रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।