सुवेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के पहले बीजेपी मुख्यमंत्री: रूपा गांगुली बनेगीं डिप्टी सीएम, कल सिर्फ तीन मंत्री लेंगे शपथ

पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सुवेंदु अधिकारी राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। वे पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर सहमति बन चुकी है। आधिकारिक ऐलान जल्द किया जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार, नई सरकार में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। इनमें रूपा गांगुली का नाम लगभग तय माना जा रहा है। दूसरा डिप्टी सीएम उत्तर बंगाल क्षेत्र से होगा, ताकि क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधा जा सके। पार्टी नेतृत्व उत्तर बंगाल में अपने मजबूत जनाधार को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह में पहले चरण में सिर्फ तीन नेता ही शपथ लेंगे। इनमें मुख्यमंत्री और दो डिप्टी सीएम शामिल हो सकते हैं। बाकी मंत्रियों का विस्तार बाद में किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता में आयोजित होगा, जिसमें भाजपा के कई बड़े केंद्रीय नेता शामिल हो सकते हैं।
सुवेंदु के पास रहेगा गृह मंत्रालय
सूत्रों के अनुसार, सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बनने के बाद गृह मंत्रालय और पुलिस विभाग अपने पास रख सकते हैं। भाजपा नेतृत्व कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। इसी वजह से सबसे अहम विभाग सीधे मुख्यमंत्री के पास रहने की संभावना जताई जा रही है। सुवेंदु अधिकारी इस चुनाव में भाजपा के सबसे बड़े चेहरे बनकर उभरे। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। इसके अलावा वे नंदीग्राम सीट से भी लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने में सफल रहे। नंदीग्राम वही सीट है जहां 2021 के विधानसभा चुनाव में भी सुवेंदु ने ममता बनर्जी को हराया था। उस जीत के बाद से ही वे बंगाल भाजपा की राजनीति के सबसे मजबूत नेता माने जाने लगे थे।
भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद नई सरकार
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। पार्टी अब पहली बार राज्य में अपनी सरकार बनाने जा रही है। लंबे समय तक वामपंथ और फिर तृणमूल कांग्रेस के दबदबे वाले बंगाल में भाजपा की यह जीत राष्ट्रीय राजनीति में भी बड़ा बदलाव मानी जा रही है। नई सरकार के गठन को लेकर भाजपा संगठन लगातार बैठकें कर रहा है। केंद्रीय नेतृत्व चाहता है कि सरकार गठन के साथ ही प्रशासनिक फैसलों में तेजी दिखाई जाए। पार्टी की कोशिश है कि नई सरकार कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और रोजगार जैसे मुद्दों पर तुरंत काम शुरू करे।
रूपा गांगुली को मिली बड़ी जिम्मेदारी
रूपा गांगुली लंबे समय से भाजपा का सक्रिय चेहरा रही हैं। बंगाल में महिला वोटर्स और सांस्कृतिक वर्ग में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। पार्टी उन्हें सरकार में बड़ी जिम्मेदारी देकर महिला नेतृत्व को मजबूत संदेश देना चाहती है। भाजपा के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि नई सरकार में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को खास महत्व दिया जाएगा। यही वजह है कि उत्तर बंगाल से भी एक बड़े चेहरे को उपमुख्यमंत्री बनाने की तैयारी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










