पश्चिम बंगाल चुनाव: दूसरे चरण की 142 सीटों पर वोटिंग, सुबह से ही बूथों पर लंबी कतारें

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू होनी थी, लेकिन उत्साह इतना ज्यादा रहा कि लोग सुबह 5:30 बजे से ही पोलिंग बूथों पर पहुंचने लगे। कई इलाकों में लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। इस बार का मतदान ट्रेंड पिछले चुनावों से अलग नजर आ रहा है। शुरुआती घंटों में ही भारी भीड़ ने संकेत दे दिया है कि इस चरण में भी रिकॉर्ड वोटिंग हो सकती है। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।
दूसरे चरण में सबसे ज्यादा चर्चा भवानीपुर विधानसभा सीट की हो रही है। यह सीट मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की परंपरागत सीट मानी जाती है। इस बार उनके सामने बीजेपी के दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी मैदान में हैं। दोनों के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। गौरतलब है कि 2021 के चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराया था। ऐसे में भवानीपुर की लड़ाई राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है। सभी की नजरें इसी सीट पर टिकी हुई हैं।
पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान
इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 152 सीटों पर करीब 93 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। यह आंकड़ा अपने आप में रिकॉर्ड माना जा रहा है। अब दूसरे चरण में भी उसी तरह का उत्साह दिख रहा है। चुनाव आयोग और राजनीतिक दल दोनों ही ज्यादा से ज्यादा मतदान को लेकर सक्रिय हैं। चुनाव के नतीजे चार मई को घोषित किए जाएंगे।
पानीहाटी सीट पर खास मुकाबला
पानीहाटी विधानसभा सीट भी इस बार चर्चा में है। यहां बीजेपी की उम्मीदवार रत्ना देबनाथ हैं, जो आरजी कर मेडिकल कॉलेज केस की पीड़िता की मां हैं। इस सीट पर बीजेपी, तृणमूल कांग्रेस, वाम मोर्चा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। 2021 में इस सीट पर टीएमसी के निर्मल घोष ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने बीजेपी के सन्मोय बंद्योपाध्याय को हराया था। हालांकि इस बार टीएमसी ने निर्मल घोष को टिकट नहीं दिया है और उनकी जगह तीर्थंकर घोष को उम्मीदवार बनाया है। इससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
दूसरे चरण में 3.2 करोड़ वोटर्स
दूसरे चरण में कुल 1448 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 220 महिलाएं शामिल हैं। इस चरण में करीब तीन करोड़ 21 लाख मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। राज्य में कुल 6.8 करोड़ वोटर्स हैं। इनमें पहली बार वोट डालने वाले पांच लाख से ज्यादा युवा शामिल हैं। वहीं 85 साल से अधिक उम्र के 3.79 लाख मतदाता भी लोकतंत्र के इस पर्व में भाग ले रहे हैं। हुगली जिले के चिनसुरा में सबसे ज्यादा 2,75,715 मतदाता हैं, जबकि नॉर्थ 24 परगना के भाटपाड़ा में सबसे कम 1,17,195 वोटर्स हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हजारों पोलिंग स्टेशन
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दूसरे चरण के लिए केंद्रीय बलों की 2,321 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा 142 जनरल ऑब्जर्वर, 95 पुलिस ऑब्जर्वर और 100 एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर भी निगरानी कर रहे हैं। पूरे चरण के लिए 41,001 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें 14,218 शहरी और 25,083 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










