अमित शाह की जालंधर रैली से पहले बम की धमकी: मंच के नीचे आईईडी का दावा, मंदिर और बसों को निशाना बनाने की बात

मंच के नीचे आईईडी का दावा, मंदिर और बसों को निशाना बनाने की बात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जालंधर में प्रस्तावित रैली से पहले बम की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में अलर्ट बढ़ गया। कैंब्रिज स्कूल को भेजे गए ई-मेल में दावा किया गया कि रैली के मंच के नीचे आईईडी रखा गया है। पुलिस के मुताबिक सुबह 7:07 बजे मिले ई-मेल में शहर के स्कूलों, श्री देवी तालाब मंदिर और बसों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई। सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

धमकी के बीच अमित शाह जालंधर के श्री देवी तालाब मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में माथा टेका और इसके बाद परागपुर स्थित रैली स्थल के लिए रवाना हुए। शाह यहां भाजपा की नशामुक्त पंजाब यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए और रैली को संबोधित करने पहुंचे। रैली में प्रवेश से पहले सुरक्षा व्यवस्था के तहत लोगों की चेकिंग की जा रही थी।

एंट्री गेट पर व्यक्ति को आया हार्ट अटैक

रैली स्थल पर प्रवेश के दौरान एक व्यक्ति अचानक गिर पड़ा। सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि व्यक्ति को हार्ट अटैक आया था। उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। घटना के बाद रैली स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ मेडिकल इमरजेंसी को लेकर भी सतर्कता बरती गई।

जयबीर शेरगिल बोले- ड्रग नेटवर्क खत्म करने को प्रतिबद्ध

भाजपा के नेशनल स्पोक्सपर्सन जयबीर शेरगिल ने कहा कि पार्टी की ओर से पंजाब में शुरू की गई 'नशा विरुद्ध एवं नशा मुक्त यात्रा' और इसके बाद अमित शाह का जालंधर दौरा ड्रग नेटवर्क के खिलाफ पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्य नारा "आप-मुक्त पंजाब = नशा-मुक्त पंजाब" होगा। इस बीच जालंधर पहुंचने से पहले शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर ड्रग्स की समस्या को लेकर निशाना साधा और कहा कि राज्य में लोग नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। धमकी वाले ई-मेल की जांच जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।