गुजरात में ओवरटेक के दौरान ट्रक से भिड़ी बस: हादसे में पांच यात्रियों की मौत, पांच लोग हुए घायल

गुजरात के आणंद जिले में बुधवार सुबह अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर निजी बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस सवार पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
आणंद जिले के पुलिस अधीक्षक जीजी जसानी ने बताया कि निजी बस एक्सप्रेसवे पर ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान बस ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए भगदड़ की स्थिति बन गई।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के वक्त बस में करीब 30 से 40 यात्री सवार थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों की पहचान समेत अन्य जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।










