जम्मू-कश्मीर में आंतकी मूसा एनकाउंटर में ढेर: जवानों ने बरामद किया ​ह​थियार, कई बड़े हमलों का ​था मास्टरमाइड

जवानों ने बरामद किया ​ह​थियार, कई बड़े हमलों का ​था मास्टरमाइड

जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों ने देर रात एक बड़े साझा एनकाउंटर में लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड पाकिस्तानी आतंकवादी कमांडर सुलेमान शाह उर्फ फौजी मूसा को मार गिराया है। सुरक्षाबलों के लिए इसे घाटी में सीमा पार आतंक के खिलाफ एक बहुत बड़ी सफलता माना जा रहा है।

सुरक्षा एजेंसियों को बडगाम जिले के यूसमर्ग और दूंधपथरी से सटे जंगली इलाकों में आतंकियों के छिपे होने की सटीक खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने मिलकर एक साझा तलाशी अभियान शुरू किया, जिसे 'ऑपरेशन कोराग' नाम दिया गया।

जैसे ही सतर्क जवानों ने जंगल में संदिग्ध हलचल देखी और आतंकियों को आत्मसमर्पण के लिए ललकारा, आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और भीषण मुठभेड़ के बाद सुबह तड़के फौजी मूसा का शव और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए।

5 सितंबर के एनकाउंटर से भाग निकला था मूसा

सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, इससे पहले पांच सितंबर को भी यूसमर्ग की पहाड़ियों में सुरक्षाबलों के साथ मूसा का सामना हुआ था। उस एनकाउंटर में मूसा का करीबी साथी यासिर मारा गया था और मूसा को भी गोली लगी थी, लेकिन वह घायल होने के बावजूद घने जंगलों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा था। पिछले करीब 24 दिनों से सुरक्षा एजेंसियां लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थीं।

कई बड़े हमलों में था शामिल

मारा गया पाकिस्तानी आतंकी मूसा पीर पंजाल क्षेत्र और घाटी के अन्य हिस्सों में सुरक्षाबलों और आम नागरिकों पर हुए कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड था। अधिकारियों के मुताबिक, वह ड्रोन के जरिए सीमा पार से आने वाले हथियारों की सप्लाई चेन को संभालने और स्थानीय युवाओं को आतंक की राह पर धकेलने का नेटवर्क चला रहा था। इसके मारे जाने से लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी ढांचे को जम्मू-कश्मीर में गहरा झटका लगा है। फिलहाल, सुरक्षाबलों ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को घेर रखा है और यह सुनिश्चित करने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है कि कहीं कोई और आतंकी वहां छिपा न हो।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।