भोपाल में धारदार हथियार से की रिटायर्ड IAS की हत्या: वारदात के बाद केयरटेकर लापता, गैस खोलकर आग लगाने की कोशिश

सूरजनगर में रिटायर्ड आइएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की घर के अंदर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उनका शव मकान में मिला। शुरुआती जांच में पुलिस का शक दो दिन पहले ही नौकरी पर रखे गए केयरटेकर वरुण कुमार पर है। वारदात के बाद से वरुण लापता है। पुलिस के मुताबिक, उसका सामान भी घर में नहीं मिला है। उसे 28 सितंबर को पंजाब की एक एजेंसी के जरिए काम पर रखा गया था।
राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ सूरजनगर स्थित मकान में रहते थे। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली। मॉर्निंग वॉक के लिए निकलने लगीं तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसके बाद उन्होंने दूसरे नौकर राजन थापा को फोन किया। पत्नी घर के अंदर राकेश के कमरे की ओर गईं। दरवाजा खोलने पर उनका शव जमीन पर पड़ा मिला। उनके गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात के पीछे लूट का इरादा होने की आशंका जताई जा रही है। घर की अलमारी के ताले टूटे मिले हैं। हालांकि, राकेश अग्रवाल की पत्नी ने पुलिस को बताया कि घर में कोई कीमती ज्वेलरी नहीं रखी थी। पुलिस लापता केयरटेकर की तलाश के साथ घर से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
किचन में गैस का पाइप निकला मिला
जांच के दौरान पुलिस को घर में आग लगाने की कोशिश के संकेत भी मिले हैं। किचन में एलपीजी सिलेंडर का पाइप निकला हुआ था और पूरे घर में गैस भर गई थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। अग्रवाल दंपती का एक ही बेटा है, जो फिलहाल अमेरिका में रह रहा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
घटना के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव को संबोधित करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सरकारी तंत्र पर सवाल उठाए और व्यवस्था को लेकर तीखी टिप्पणी की।










