कांस 2026 में ऐश्वर्या का रॉयल अंदाज: सफायर ब्लू गाउन में बिखेरा जलवा, रेड कार्पेट पर दिखा ग्लैमर और ग्रेस का शानदार संगम

1 घंटा पहले
सफायर ब्लू गाउन में बिखेरा जलवा, रेड कार्पेट पर दिखा ग्लैमर और ग्रेस का शानदार संगम

दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में शामिल कांस फिल्म फेस्टिवल 2026 में एक बार फिर भारतीय सितारों का जलवा देखने को मिला। बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन ने अपने रॉयल और ग्लैमरस अंदाज से रेड कार्पेट पर सबका ध्यान खींच लिया। इस बार ऐश्वर्या मशहूर डिजाइनर अमित अग्रवाल के डिजाइन किए गए सफायर ब्लू गाउन में नजर आईं। उनका यह लुक सोशल मीडिया से लेकर फैशन इंडस्ट्री तक चर्चा का विषय बना हुआ है। खास बात यह रही कि उनके साथ बेटी आराध्या बच्चन भी कांस पहुंचीं और उन्होंने भी अपने स्टाइलिश अंदाज से लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

रेड कार्पेट पर मां-बेटी की यह जोड़ी बेहद आकर्षक नजर आई। ऐश्वर्या जहां शिमरी सफायर ब्लू गाउन में रॉयल लुक में दिखाई दीं, वहीं आराध्या रेड कलर के एलिगेंट गाउन में नजर आईं। दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर कैमरों के सामने पोज दिए। फैशन एक्सपर्ट्स का मानना है कि आराध्या का यह कांस में अनऑफिशियल डेब्यू माना जा सकता है। सोशल मीडिया पर भी मां-बेटी की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।

दो दशक से कांस में कायम है ऐश्वर्या का जलवा

कांस फिल्म फेस्टिवल में ऐश्वर्या राय बच्चन की मौजूदगी अब एक परंपरा बन चुकी है। उन्होंने साल 2002 में पहली बार कांस के रेड कार्पेट पर कदम रखा था और तभी से लगातार इस इंटरनेशनल मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। पिछले साल उनका ट्रेडिशनल इंडियन लुक काफी चर्चा में रहा था, जब उन्होंने डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की सफेद और गोल्डन साड़ी पहनकर रेड कार्पेट पर एंट्री की थी। रेड डायमंड जूलरी और सिंदूर के साथ उनका वह लुक भारतीय संस्कृति और आधुनिक फैशन का शानदार मेल माना गया था। इसके अलावा कांस के दूसरे लुक में उन्होंने डिजाइनर गौरव गुप्ता के ब्लैक सीक्विन गाउन के साथ लंबी ट्रेल कैरी कर फैशन क्रिटिक्स को प्रभावित किया था। खुले बालों और मिनिमल जूलरी के साथ उनका ग्लैमरस अवतार काफी वायरल हुआ था।

कांस की ज्यूरी बनने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री

ऐश्वर्या राय बच्चन सिर्फ फैशन आइकन ही नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की एक बड़ी वैश्विक पहचान भी हैं। वह कांस फिल्म फेस्टिवल की ज्यूरी में शामिल होने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री रह चुकी हैं। इससे पहले फिल्मकार मृणाल सेन को 1982 में ज्यूरी में शामिल किया गया था, जबकि मीरा नायर पहली भारतीय महिला निर्देशक थीं, जिन्हें यह सम्मान मिला। अब इस सूची में दीपिका पादुकोण, विद्या बालन और शर्मिला टैगोर जैसी अभिनेत्रियां भी शामिल हो चुकी हैं।

आलिया भट्ट का इंडियन ट्रेडिशनल लुक भी चर्चा में

कांस 2026 में अलिया भट्ट का ट्रेडिशनल इंडियन अवतार भी खूब सुर्खियों में रहा। आलिया डिजाइनर तरुण तहिलियानी की आइवरी साड़ी पहनकर फ्रेंच रिवेरा स्थित भारत पैवेलियन पहुंचीं। यहां उन्होंने फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर के साथ 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया का पोस्टर और क्रिएटिव विजन लॉन्च किया। भारतीय सितारों की मौजूदगी ने इस बार भी कांस फिल्म फेस्टिवल में भारत की मजबूत सांस्कृतिक और फैशन पहचान को दुनिया के सामने प्रमुखता से पेश किया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।