पति के खिलाफ सेलिना जेटली ने दर्ज की FIR: डोमेस्टिक वायलेंस और धमकी देने के लगाए गंभीर आरोप, बेटे की कब्र पर रोते हुए वीडियो वायरल

09 मई 2026
डोमेस्टिक वायलेंस और धमकी देने के लगाए गंभीर आरोप, बेटे की कब्र पर रोते हुए वीडियो वायरल

बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। मुंबई पुलिस ने उनके पति पीटर हाग के खिलाफ FIR दर्ज की है। एक्ट्रेस ने पति पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना, धमकी देने और लगातार परेशान करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया में हलचल तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह मामला सिर्फ घरेलू हिंसा तक सीमित नहीं है। पुलिस ने एक्ट्रेस की शिकायत के आधार पर अलग से आपराधिक मामला भी दर्ज किया है। FIR में धारा 85, 115(2), 351(2) और 352 लगाई गई हैं। इन धाराओं में मारपीट, धमकी और मानसिक उत्पीड़न जैसे आरोप शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। बताया जा रहा है कि जांच में सहयोग नहीं करने के कारण पुलिस ने पीटर हाग के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया है। इसका मतलब है कि अब एयरपोर्ट और अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर भी उनकी निगरानी रखी जाएगी।

पहले भी कोर्ट पहुंच चुकी हैं सेलिना

यह पहली बार नहीं है जब सेलिना जेटली ने अपने पति के खिलाफ कानूनी कदम उठाया हो। पिछले साल नवंबर में भी उन्होंने अंधेरी कोर्ट में घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था। कोर्ट में दाखिल याचिका में एक्ट्रेस ने अंतरिम राहत और सुरक्षा की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके पति उन्हें काम करने से रोकते थे और आर्थिक रूप से कमजोर करने की कोशिश करते थे। सेलिना का दावा है कि उन पर मुंबई स्थित घर अपने नाम करवाने का दबाव भी बनाया गया। उन्होंने कहा कि यह सब उस समय हुआ जब वह मानसिक रूप से बेहद कमजोर दौर से गुजर रही थीं।

डिप्रेशन और पारिवारिक दर्द से जूझ रहीं थीं एक्ट्रेस

सेलिना ने कोर्ट में बताया था कि अपने नवजात बच्चे और माता-पिता को खोने के बाद वह गंभीर डिप्रेशन में चली गई थीं। उसी दौरान उन्हें मानसिक और भावनात्मक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। एक्ट्रेस ने पति पर इमोशनल, फिजिकल, सेक्सुअल, वर्बल और फाइनेंशियल अब्यूज जैसे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उन्हें ऑस्ट्रिया में अपना घर छोड़कर भारत लौटने के लिए मजबूर किया गया। इतना ही नहीं, उनके बच्चों से मिलने पर भी रोक लगाने का आरोप लगाया गया। एक्ट्रेस का कहना है कि उनके बच्चों को उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है।

बेटे की कब्र पर रोती दिखीं सेलिना

कुछ दिन पहले सेलिना जेटली ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो शेयर किया था। वीडियो में वह ऑस्ट्रिया में अपने दिवंगत बेटे शमशेर हाग की कब्र पर रोती नजर आई थीं। उन्होंने बताया कि वह तलाक की सुनवाई के लिए ऑस्ट्रिया गई थीं, लेकिन वहां भी उन्हें अपने बच्चों से मिलने नहीं दिया गया। वीडियो में सेलिना बेहद टूट चुकी दिखाई दीं। इस पोस्ट के बाद उनके फैंस और कई सेलेब्रिटीज ने उनका समर्थन किया था। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने एक्ट्रेस के लिए संवेदना जताई।

शादी के 15 साल बाद रिश्ते में दरार

सेलिना जेटली ने साल 2010 में पीटर हाग से शादी की थी। शादी के बाद वह लंबे समय तक विदेश में रहीं। साल 2012 में उन्होंने जुड़वां बेटों को जन्म दिया। इसके पांच साल बाद फिर जुड़वां बच्चों का जन्म हुआ, लेकिन उनमें से एक बच्चे की गंभीर हार्ट कंडीशन के कारण मौत हो गई। फिलहाल उनके तीन बच्चे विंस्टन, विराज और आर्थर हैं। पिछले साल सितंबर में भी सेलिना ने दावा किया था कि शादी की 15वीं सालगिरह के बहाने उन्हें पोस्ट ऑफिस बुलाया गया और वहां तलाक का नोटिस थमा दिया गया।

पुलिस जांच पर टिकी सबकी नजर

फिलहाल मुंबई पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दोनों पक्षों से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल सबूत जुटाए जा रहे हैं। दूसरी ओर पीटर हाग की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण हर अपडेट पर लोगों की नजर बनी हुई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।