‘धुरंधर टू’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका: वर्ल्डवाइड कलेक्शन में ‘बाहुबली टू’ को छोड़ा पीछे, बनी दूसरी सबसे बड़ी भारतीय फिल्म

भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी खबर सामने आई है। धुरंधर टू ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। फिल्म अब दुनियाभर में दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,788.32 करोड़ रुपए पहुंच गया है। इस उपलब्धि के साथ फिल्म ने बाहुबली टू को पीछे छोड़ दिया है। बाहुबली टू का कुल कलेक्शन 1,788.06 करोड़ रुपए था। अब इस लिस्ट में सिर्फ दंगल ही आगे है, जिसने लगभग 2,070 करोड़ रुपए की कमाई की थी।
फिल्म की इस सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि बड़े बजट और दमदार कंटेंट का कॉम्बिनेशन दर्शकों को थिएटर तक खींच लाता है। फिल्म की खास बात यह है कि रिलीज के 45 दिन बाद भी इसकी कमाई जारी है। ट्रेड वेबसाइट के अनुसार, फिल्म ने 45वें दिन भारत में 2.77 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। अब तक फिल्म का कुल भारत नेट कलेक्शन 1,138.54 करोड़ रुपए हो चुका है। वहीं भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 1,362.57 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। यह आंकड़े बताते हैं कि फिल्म का क्रेज अभी खत्म नहीं हुआ है। दर्शक लगातार सिनेमाघरों में फिल्म देखने पहुंच रहे हैं। खासकर वीकेंड पर इसकी कमाई में उछाल देखने को मिल रहा है।
ओवरसीज मार्केट में भी जबरदस्त प्रदर्शन
फिल्म ने सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी शानदार प्रदर्शन किया है। ओवरसीज मार्केट में इसका कुल कलेक्शन 425.75 करोड़ रुपए पहुंच चुका है। अमेरिका, कनाडा और मिडिल ईस्ट जैसे बाजारों में फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। इंटरनेशनल ऑडियंस ने भी फिल्म की स्टोरी और एक्शन को खूब पसंद किया। इसी मजबूत ओवरसीज कलेक्शन के दम पर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस 1,788.32 करोड़ रुपए तक पहुंचा है। यह आंकड़ा इसे ऑल टाइम ग्रेट फिल्मों की लिस्ट में शामिल करता है।
रणवीर सिंह का दमदार रोल
रणवीर सिंह ने ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी में एक भारतीय जासूस का किरदार निभाया है। उनका रोल दर्शकों को काफी पसंद आया। एक्शन, इमोशन और स्क्रीन प्रेजेंस हर पहलू में उनका परफॉर्मेंस दमदार रहा। फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। उन्होंने कहानी को बड़े स्केल पर पेश किया। यही वजह है कि फिल्म का विजुअल और ट्रीटमेंट इंटरनेशनल लेवल का नजर आता है। डायरेक्शन और एक्टिंग के इस कॉम्बिनेशन ने फिल्म को ब्लॉकबस्टर बना दिया।
पहले पार्ट की सफलता ने बनाई मजबूत नींव
‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी का पहला पार्ट भी सुपरहिट रहा था। उसने दुनियाभर में करीब 1,307 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। भारत में पहले पार्ट का ग्रॉस कलेक्शन 1,005.85 करोड़ रुपए रहा। वहीं नेट कलेक्शन करीब 840 करोड़ रुपए था। ओवरसीज में भी फिल्म ने 299.5 करोड़ रुपए की कमाई की थी। खास बात यह रही कि अमेरिका और कनाडा में इस फिल्म ने बाहुबाली टू का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया था। पहले पार्ट की इसी सफलता ने दूसरे पार्ट के लिए बड़ी उम्मीदें तैयार की थीं, जिन्हें ‘धुरंधर टू’ ने पूरी तरह पार कर लिया।
अब नजर ‘दंगल’ के रिकॉर्ड पर
फिलहाल ‘धुरंधर टू’ के सामने अब सिर्फ दंगल का रिकॉर्ड बचा है। 2,000 करोड़ क्लब पार करना अब इसका अगला बड़ा टारगेट माना जा रहा है। अगर फिल्म इसी रफ्तार से आगे बढ़ती रही, तो आने वाले दिनों में यह नया इतिहास भी बना सकती है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










