‘रामायण’ पार्ट-1 में नहीं होगा राम-रावण का आमना-सामना: दो हिस्सों में बनेगी मेगा फिल्म, रणबीर कपूर संग स्क्रीन शेयर के लिए करना होगा इंतजार

फिल्म निर्देशक नितेश तिवारी की महत्वाकांक्षी फिल्म रामायण को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे यश ने खुलासा किया है कि पहले पार्ट में उनका और राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर का आमना-सामना नहीं होगा।
यश ने बताया कि फिल्म के पहले भाग में राम और रावण की कहानी अलग-अलग दिखाई जाएगी। दोनों किरदार अपने-अपने साम्राज्य में नजर आएंगे, इसलिए दर्शकों को पहले पार्ट में फेस-ऑफ देखने को नहीं मिलेगा।
हालांकि दोनों कलाकार पहले भाग में साथ स्क्रीन शेयर नहीं करेंगे, लेकिन यश ने रणबीर कपूर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि रणबीर एक बेहतरीन अभिनेता हैं और उनके साथ काम करने का अनुभव शानदार रहा है। यश के मुताबिक, दोनों के बीच अच्छा तालमेल और आपसी सम्मान है। हाल ही में यश और फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ‘रामायण’ के प्रमोशन के लिए एक इंटरनेशनल इवेंट में शामिल हुए, जहां इस फिल्म से जुड़े कई अहम खुलासे किए गए।
दो भागों में रिलीज होगी फिल्म
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘रामायण’ को बड़े पैमाने पर दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग दिवाली 2026 में सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा और अंतिम भाग दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना है।
स्टारकास्ट और बड़े बजट की फिल्म
फिल्म में साई पल्लवी सीता, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। वहीं, 1987 के टीवी शो ‘रामायण’ में राम की भूमिका निभा चुके अरुण गोविल इस फिल्म में राजा दशरथ का किरदार निभाएंगे।
करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल होगी। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान और हैंस जिमर तैयार कर रहे हैं, जबकि विजुअल इफेक्ट्स का काम डीएनईजी और प्राइम फोकस जैसे स्टूडियो संभाल रहे हैं।
भव्य स्तर पर तैयार हो रही फिल्म
‘रामायण’ को एक मेगा फ्रेंचाइजी के रूप में तैयार किया जा रहा है, जिसे आईमैक्स फॉर्मेट में रिलीज किया जाएगा। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है और अब सभी को इसके पहले पार्ट के रिलीज होने का इंतजार है।











