रैपर बादशाह का 'सागो क्लब' सील: भवन नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, कई नोटिस के बाद भी नहीं हटाया था अवैध निर्माण

1 घंटा पहले
भवन नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, कई नोटिस के बाद भी नहीं हटाया था अवैध निर्माण

चंडीगढ़ शहर के सेक्टर-26 स्थित चर्चित सागो क्लब पर मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने क्लब को सील कर दिया। सुबह करीब 9:30 बजे चंडीगढ़ प्रशासन की बिल्डिंग ब्रांच और पुलिस की संयुक्त टीम क्लब परिसर पहुंची। सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की। प्रशासन का कहना है कि क्लब प्रबंधन को भवन निर्माण संबंधी नियमों के उल्लंघन और स्वीकृत नक्शे से अलग निर्माण किए जाने को लेकर कई बार नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समयावधि के भीतर न तो अवैध निर्माण हटाया गया और न ही संतोषजनक जवाब दिया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए क्लब को सील कर दिया।

सागो क्लब का नाम मशहूर रैपर बादशाह से जुड़ा होने के कारण यह कार्रवाई शहर में चर्चा का विषय बन गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार क्लब के लिए जिस भवन मानचित्र को मंजूरी दी गई थी। उसके विपरीत परिसर के भीतर अतिरिक्त निर्माण कराया गया था। इस संबंध में क्लब संचालकों को कई अवसर दिए गए। नियमों के अनुरूप स्थिति बहाल करने के निर्देश भी दिए गए थे। लगातार चेतावनी के बावजूद कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। जिसके चलते प्रशासन को यह कार्रवाई करनी पड़ी।

स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण बना कार्रवाई का आधार

बिल्डिंग ब्रांच की जांच में सामने आया कि क्लब परिसर में स्वीकृत नक्शे से इतर निर्माण कार्य किए गए थे। प्रशासन ने इसे भवन उपविधियों का स्पष्ट उल्लंघन माना। अधिकारियों का कहना है कि नोटिस जारी होने के बाद भी निर्माण को नियमित कराने या हटाने की दिशा में कोई गंभीर प्रयास नहीं किया गया। इसी वजह से अंतिम विकल्प के रूप में सीलिंग की कार्रवाई की गई।

पहले भी विवादों में रह चुका है क्लब

सागो क्लब इससे पहले भी सुर्खियों में रह चुका है। करीब दो वर्ष पूर्व सेक्टर-26 स्थित क्लबों के बाहर हुए धमाकों के बाद इसका नाम चर्चाओं में आया था। उस समय सोशल मीडिया पर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा के नाम से पोस्ट सामने आई थीं। जिनमें कथित तौर पर धमाकों की जिम्मेदारी ली गई थी। पोस्ट में प्रोटेक्शन मनी न मिलने को घटना का कारण बताया गया था। उस मामले की जांच सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस द्वारा की गई थी।

नियमों के पालन पर प्रशासन सख्त

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में भवन निर्माण और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से जुड़े नियमों के पालन में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि सभी संस्थानों को निर्धारित मानकों और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही संचालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।