सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में मिला पांच फुट लंबा सांप: स्नेक रेस्क्यू टीम ने किया रेस्क्यू, बिना सुरक्षा उपकरण के किया काबू

सलमान खान के मुंबई स्थित चर्चित गैलेक्सी अपार्टमेंट में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में करीब पांच फुट लंबा सांप दिखाई दिया। सांप मिलने की सूचना फैलते ही अपार्टमेंट परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्नेक रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने कुछ ही देर में सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। राहत की बात यह रही कि सांप जहरीला नहीं था और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार सांप गैलेक्सी अपार्टमेंट के नीचे वाले हिस्से में घूमता दिखाई दिया था। इसके बाद तत्काल रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे स्नेक रेस्क्यूअर ने बिना किसी विशेष सुरक्षा उपकरण के सांप को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि रेस्क्यूअर पहले सांप का पीछा करता है और फिर उसकी पूंछ पकड़कर उसे नियंत्रित करता है। बाद में उसने सांप को हाथों में लपेटकर सुरक्षित बैग में डाल दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान काफी भीड़ जमा हो गई थी। कई लोग अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आए। अधिकारियों ने लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील की, ताकि रेस्क्यू प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए।
जहरीला नहीं था सांप
जानकारी के मुताबिक पकड़ा गया सांप जहरीली प्रजाति का नहीं था। विशेषज्ञों का कहना है कि इसी वजह से रेस्क्यूअर ने बिना ग्लव्स या अन्य सुरक्षा उपकरणों के उसे नियंत्रित किया। हालांकि वन्यजीव विशेषज्ञ आम लोगों को सलाह देते हैं कि किसी भी सांप को खुद पकड़ने की कोशिश न करें और ऐसी स्थिति में तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
पहले भी सुर्खियों में रहा है गैलेक्सी अपार्टमेंट
गौरतलब है कि गैलेक्सी अपार्टमेंट इससे पहले भी कई वजहों से चर्चा में रह चुका है। अप्रैल 2024 में इसी अपार्टमेंट के बाहर तड़के मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने फायरिंग की थी। उस समय सलमान खान अपार्टमेंट के अंदर मौजूद थे। इस घटना ने पूरे बॉलीवुड और सुरक्षा एजेंसियों को चौंका दिया था। बाद में इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनमोल बिश्नोई ने ली थी। घटना के बाद सलमान खान की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई थी।
नई फिल्मों को लेकर चर्चा में सलमान
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्मों को लेकर भी सुर्खियों में हैं। वह जल्द ही फिल्म ‘मातृभूमि’ में नजर आने वाले हैं, जिसमें अभिनेत्री चित्रागंदा सिंहभी अहम भूमिका निभाएंगी। इस फिल्म का निर्देशन अपूर्वा लाखिया कर रहे हैं। पहले फिल्म का नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ बताया जा रहा था, हालांकि बाद में इसे बदल दिया गया। इसके अलावा सलमान ने अभिनेत्री नयनतारा के साथ अपनी नई फिल्म ‘SVC63’ की शूटिंग भी शुरू कर दी है। यह एक बड़े बजट की एक्शन थ्रिलर फिल्म होगी। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान जल्द ही निर्देशक जोड़ी राज निदिमोरू और कृष्णा डी.के. की सुपरहीरो फिल्म में भी नजर आ सकते हैं, जिसमें करीना कपूर खान के शामिल होने की चर्चा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








