आजमगढ़ में एंबुलेंस और टैंपो की टक्कर: दो की मौत; पांच गंभीर घायल, टक्कर के बाद एंबुलेंस के पहिए तक निकल गए

बरदह थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। देवगांव-जिवली मार्ग पर राजेपुर हदीसा गांव के मोड़ के पास एक प्राइवेट मारुति एंबुलेंस और सवारी टैंपो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच अन्य घायल हो गए। टक्कर के बाद एंबुलेंस के पहिए तक निकल गए और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, जिवली से देवगांव की ओर जा रहा सवारी टैंपो और देवगांव से जौनपुर जा रही प्राइवेट एंबुलेंस जैसे ही राजेपुर हदीसा गांव के समीप पहुंची। दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क पर दूर तक वाहन के पुर्जे बिखर गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरदह पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू कराया।
इलाज के दौरान दो लोगों ने तोड़ा दम
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरदह के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सोमेश रंजन मिश्रा ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सुनीता मिश्रा (51) पत्नी इंद्र प्रकाश निवासी गोडहरा तथा अंगद (25) पुत्र जयकिशुन निवासी कुड़ियर को अस्पताल लाया गया। लेकिन चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। दोनों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
बैंक के काम से निकली थीं सुनीता, इकलौते बेटे की मौत से बिखरा परिवार
मृतका सुनीता मिश्रा शुक्रवार सुबह घर से बैंक संबंधी कार्य के लिए निकली थीं। उनके पति विदेश में नौकरी करते हैं। परिवार को उम्मीद थी कि वह कुछ ही देर में वापस लौट आएंगी। लेकिन हादसे ने सब कुछ बदल दिया। वहीं दूसरी ओर 25 वर्षीय अंगद दवा लेने के लिए देवगांव जा रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत की खबर सुनते ही मां बिंदु देवी बेसुध हो गईं। पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे में पांच अन्य लोग भी घायल हुए हैं। जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल टैंपो चालक रुस्तम पुत्र मोहम्मद असलम निवासी गिरधपुर को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया। अधिकारियों ने बताया कि एंबुलेंस चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन संचालन में सावधानी की आवश्यकता को रेखांकित कर दिया है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।






