शिक्षक पर नाबालिग से रेप का आरोप: पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट, अश्लील वीडियो बनाकर करता था ब्लैकमेल

गंभीरपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से कथित रेप और ब्लैकमेलिंग के मामले में पुलिस ने आरोपी शिक्षक को अरेस्ट कर लिया है। आरोप है कि शिक्षक ने ट्यूशन पढ़ाने के दौरान छात्रा को अपने झांसे में लिया। फिर उसे डराकर लंबे समय तक यौन शोषण करता रहा। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान आशीष कुमार प्रजापति के रूप में हुई है, जो तहबरपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। वह अपनी मौसी के घर रहकर विभिन्न इलाकों में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने का काम करता था। जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से नाबालिग छात्रा को धमकाकर उसका शोषण कर रहा था। आरोप है कि उसने छात्रा का अश्लील वीडियो भी बना लिया था। उसे वायरल करने की धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर करता था।
साइबर टीम की मदद से हुई कार्रवाई
मामले की जानकारी पुलिस मुख्यालय तक पहुंचने के बाद जांच को तेज किया गया। साइबर टीम की मदद से आरोपी की गतिविधियों और डिजिटल साक्ष्यों को ट्रैक किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच कराई जाएगी। वहीं छात्रा और उसके परिवार को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस ने कहा कि मामले में यदि अन्य तथ्य सामने आते हैं तो अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









