जमीन विवाद में बड़े भाई ने ली छोटे भाई की जान: बांस से सिर पर किया हमला, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

आजमगढ़|10 जून 2026
बांस से सिर पर किया हमला, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव में जमीन और रास्ते के विवाद ने पारिवारिक रिश्तों को खूनी संघर्ष में बदल दिया। आरोप है कि बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर बांस से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, करसड़ा गांव निवासी जगदीश विश्वकर्मा (70) और उनके छोटे भाई ओमप्रकाश विश्वकर्मा (67) के बीच काफी समय से जमीन और रास्ते के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार रात इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक रूप ले बैठा।

विवाद के दौरान हुआ जानलेवा हमला

परिजनों का आरोप है कि बहस के दौरान जगदीश विश्वकर्मा ने गुस्से में आकर अपने छोटे भाई ओमप्रकाश के सिर पर बांस से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण ओमप्रकाश मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिवार के लोग उन्हें तत्काल लालगंज स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

हिरासत में आरोपी भाई

क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में जमीन और रास्ते के विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। आरोपी जगदीश विश्वकर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।