गिरफ्तार युवक को लेकर आजमगढ़ पहुंची ATS: घर, दुकान और स्कूल में की पूछताछ, पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क की जांच

देशविरोधी गतिविधियों और कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार मोहम्मद शेख को लेकर उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की टीम शनिवार को आजमगढ़ पहुंची। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच एटीएस ने आरोपी के पैतृक गांव संजरपुर स्थित घर, उसके पिता की दुकान तथा उसके शैक्षणिक संस्थान में पहुंचकर पूछताछ की और महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। इस दौरान ब्लैक कैट कमांडो और सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बीच पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया।
एटीएस की टीम चार वाहनों के काफिले के साथ संजरपुर पहुंची। टीम ने सबसे पहले आरोपी के घर का निरीक्षण किया। टीम ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। इसके बाद आरोपी के पिता मोहम्मद रेहान की निर्माण सामग्री की दुकान पर पहुंचकर आर्थिक गतिविधियों और अन्य पहलुओं की जानकारी एकत्र की। जांच टीम शांति इंटर कॉलेज, ईश्वरपुर भी पहुंची। जहां आरोपी ने शिक्षा प्राप्त की थी। अधिकारियों ने उसके शैक्षणिक रिकॉर्ड और सामाजिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। सूत्रों के अनुसार मोहम्मद शेख 11 भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर है। वर्ष 2024 में भी वह कथित रूप से फर्जी एक्सचेंज संचालन के मामले में जांच एजेंसियों के रडार पर आ चुका था।
पाकिस्तानी नेटवर्क से संपर्क के आरोप
एटीएस का आरोप है कि मोहम्मद शेख पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े तत्वों तथा पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क के संपर्क में था। जांच एजेंसियों के मुताबिक सोशल मीडिया और इंटरनेट आधारित प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को इस नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश की जा रही थी। कथित तौर पर आर्थिक प्रलोभन और वैचारिक प्रभाव के जरिए युवाओं को नेटवर्क का हिस्सा बनाने की योजना पर काम किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि नेटवर्क से जुड़े लोगों को विभिन्न व्यक्तियों और संस्थानों की रेकी करने के लिए प्रेरित किया जाता था। सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि कुछ युवाओं को संवेदनशील गतिविधियों के लिए तैयार करने की भी कोशिश की जा रही थी। जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता था।
बड़े मिशन की तैयारी की आशंका
एटीएस के अनुसार मोहम्मद शेख व्हाट्सएप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए विदेशी नंबरों से संपर्क में था। जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि उसे एक राजनीतिक दल की महिला नेत्री को धमकाने और नुकसान पहुंचाने जैसी जिम्मेदारी सौंपे जाने की बात कही गई थी। एजेंसी का दावा है कि आरोपी कथित तौर पर हथियार की व्यवस्था करने की दिशा में भी प्रयासरत था।
पंजाब ब्लास्ट कनेक्शन के बाद बढ़ी जांच
पंजाब के जालंधर और अमृतसर में हुए एलईडी विस्फोटों की जांच के दौरान शहजाद भट्टी नेटवर्क का नाम सामने आया था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने देशभर में उससे जुड़े संभावित संपर्कों की पड़ताल शुरू की थी। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के कई संदिग्ध संपर्कों की पहचान हुई। जिनमें मोहम्मद शेख का नाम भी शामिल बताया गया। फिलहाल एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, डिजिटल संचार और अन्य दस्तावेजों के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।







