मुठभेड़ के बाद शातिर ठग अरेस्ट: पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने दबोचा, महिलाओं को अंधविश्वास में फंसाकर करता था फ्रॉड

आजमगढ़|1 घंटा पहले
पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने दबोचा, महिलाओं को अंधविश्वास में फंसाकर करता था फ्रॉड

सरायमीर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय ठग गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को अरेस्ट कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार सरायमीर क्षेत्र की रहने वाली चंदा देवी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कटेरी बाजार के समीप दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें भूत-प्रेत और अशुभ साये का भय दिखाकर अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद शुद्धिकरण और पूजा-पाठ का बहाना बनाकर उनके सोने-चांदी के आभूषण तथा मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।

बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल दो संदिग्ध अपराधी फूलपुर की ओर से सरायमीर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीतिक घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जिसमें एक आरोपी घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र निवासी इम्तियाज खान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।

कस्बों में घूमकर करता था रेकी

पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह अपने भाई के साथ विभिन्न बाजारों और कस्बों में घूमकर बुजुर्ग महिलाओं की रेकी करता था। इसके बाद दोनों महिलाओँ को परिवार पर संकट, जादू-टोना या तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर विश्वास में लेते थे। शुद्धिकरण की प्रक्रिया के नाम पर उनके जेवर और नकदी अपने कब्जे में ले लेते थे। आरोपी महिलाओं से कहते थे कि वे 51 कदम तक पीछे मुड़े बिना चलें। इसी दौरान दोनों मौके से फरार हो जाते थे। इस तरीके से उन्होंने कई जिलों में दर्जनों लोगों को ठगी का शिकार बनाया।

कई जिलों में दर्ज हैं केस

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इम्तियाज खान के खिलाफ बरेली, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर सहित विभिन्न जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ अब तक छह गंभीर मुकदमों की जानकारी सामने आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के नेटवर्क और फरार सदस्यों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को सरायमीर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।