नौ साल पुराने प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत: प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, तालाब से मिला कंकाल

आजमगढ़|1 घंटा पहले
 प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, तालाब से मिला कंकाल

मेहनगर थाना क्षेत्र से करीब एक महीने पहले लापता हुई युवती की हत्या का सनसनीखेज खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मामले में युवती के प्रेमी को अरेस्ट किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में हत्या करने और बॉडी को तालाब में दफनाने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तालाब से युवती का कंकाल बरामद कर लिया है। वहीं, बॉडी का सिर अभी तक नहीं मिल सका है। घटना सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

मृतका की पहचान मेहनगर थाना क्षेत्र के नई गांव निवासी 24 वर्षीय ममता राजभर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ममता 22 मई की रात अपनी मां से काम पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिवार ने काफी तलाश की। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। जांच में सामने आया कि ममता का जहानागंज थाना क्षेत्र निवासी मनोज यादव उर्फ मुरहा यादव से वर्ष 2017 से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे और लंबे समय से संपर्क में थे। बताया जा रहा है कि 22 मई को ममता अपने प्रेमी के साथ चली गई थी।

विवाद के बाद हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक, मनोज के घर पर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान मनोज ने ममता की हत्या कर दी। इसके बाद उसने बॉडी का सिर अलग कर दिया और जहानागंज क्षेत्र स्थित बड़ैलाताल में बॉडी को दफना दिया। हत्या के बाद आरोपी सामान्य जीवन जीता रहा। इससे किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ।

साले को दी धमकी

मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी का साला रितेश यादव उससे पैसे मांगने पहुंचा। आरोप है कि मनोज ने उसे धमकाते हुए कहा कि जिस तरह ममता को मार दिया है, उसी तरह उसकी भी हत्या कर देगा। रितेश ने यह बात ममता के चाचा छोटेलाल राजभर को बताई। इसके बाद परिवार ने 16 जून को मेहनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वह टूट गया और हत्या की पूरी कहानी बता दी।

सिर की तलाश जारी

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस बड़ैलाताल पहुंची और खुदाई कराई। खुदाई के दौरान युवती का कंकाल बरामद हुआ। हालांकि बॉडी का सिर अभी तक नहीं मिल सका है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मृतका के चाचा छोटेलाल राजभर ने बताया कि कंकाल के पास मिले कपड़ों और गहनों के आधार पर ममता की पहचान की गई। उन्होंने बताया कि युवती ने जो साड़ी पहन रखी थी, वह उन्होंने गुजरात से लाकर दी थी।

परिवार में मातम, आरोपी गिरफ्तार

परिजनों के अनुसार, ममता के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपनी मां के साथ रहती थी। बेटी की हत्या की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लालगंज क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध के दौरान हुए विवाद के बाद हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।