पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने डीसीएम में मारी टक्कर: चालक समेत मासूम बच्ची की मौत, 10 लोग घायल

आजमगढ़|17 घंटे पहले
चालक समेत मासूम बच्ची की मौत, 10 लोग घायल

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तहबरपुर थाना क्षेत्र के बसही जरमजेपुर गांव के पास हुआ। बिहार से बहराइच जा रही एक डीसीएम वाहन को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 219.6 पर हुई। हादसे में डीसीएम चालक शिवम कुमार शर्मा (35), निवासी सिकंदरा, जनपद कानपुर देहात तथा वाहन में सवार पांच वर्षीय बच्ची नीरम पुत्री सोनू, निवासी चांदपुर, थाना दरगाह, जनपद बहराइच की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गया। चालक की बॉडी केबिन में फंसी हुई थी। जिसे कटर मशीन की सहायता से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

बिहार से बहराइच जा रहे थे मजदूर

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डीसीएम में सवार सभी लोग बिहार के छपरा जिले से बहराइच स्थित ईंट-भट्ठों पर काम करने के लिए जा रहे थे। वाहन में मजदूरों के साथ कुछ खच्चर और बकरियां भी लदी हुई थीं। यात्रा के दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने डीसीएम को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे में घायल सभी लोगों को तत्काल एंबुलेंस 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर भेजा गया। जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में जरीना (24), गोस्या (23), फैयाज (20), समीर, सुजान, राहुल, सोनू, मोहम्मद अफजल, काले और अशरफ शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।