आजमगढ़ में युवक ने किया सुसाइड: भांजी की शादी में होने आया था शामिल, भाई से विवाद के बाद घर से निकला

आजमगढ़|16 जून 2026
भांजी की शादी में होने आया था शामिल, भाई से विवाद के बाद घर से निकला

बरदह थाना क्षेत्र स्थित महुजा गांव में एक दर्दनाक घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। भांजी की शादी में शामिल होने आए एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह उसकी बॉडी गांव के बाहर एक शीशम के पेड़ से लटकी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

मृतक की पहचान जौनपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रेमराजपुर गांव निवासी करण गौतम (23) पुत्र जीतू गौतम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार करण अपनी भांजी वंदना की शादी में शामिल होने के लिए कई दिन पहले महुजा गांव आया था। शादी की तैयारियों में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहा था। सोमवार देर शाम बारात आगमन के दौरान किसी बात को लेकर उसका अपने भाई से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कहासुनी के बाद करण नाराज होकर घर से निकल गया। शादी समारोह की व्यस्तता के बीच परिजनों ने उसकी तलाश भी की। लेकिन रातभर उसका कोई पता नहीं चल सका।

सुबह पेड़ से लटकी मिली बॉडी

मंगलवार सुबह गांव के कुछ लोग जब बाहर निकले तो मार्टिनगंज-ठेकमा मार्ग पर पुरानी चीनी मिल के सामने स्थित एक शीशम के पेड़ से युवक की बॉडी गमछे के सहारे लटकी दिखाई दी। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बॉडी को नीचे उतरवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

परिजनों के मुताबिक करण पांच भाइयों में सबसे छोटा था। मजदूरी कर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। उसकी अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। जिस घर में शादी की रस्में और उत्सव का माहौल था। वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियां शोक में बदल गई हैं।

पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच

क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय ने बताया कि बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।