एक्सप्रेसवे हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत: अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

आजमगढ़|1 घंटा पहले
अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद परिजनों को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक गोलू यादव (22) मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के पाउस गांव का निवासी था। वह अपने जीजा संजय यादव के साथ ट्रक पर खलासी का कार्य करता था। बुधवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन संख्या 301 के पास ट्रक के पहिए में फंसी गिट्टी निकालने के दौरान वह सड़क किनारे खड़ा था। इसी बीच पीछे से तेज गति से आए एक ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल आजमगढ़ के एक निजी हड्डी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा था।

इलाज को लेकर उठे सवाल

मृतक के परिजनों का आरोप है कि सुबह करीब 10 बजे तक गोलू की स्थिति सामान्य थी। लेकिन अस्पताल प्रशासन ने उन्हें उससे मिलने की अनुमति नहीं दी। परिजनों का कहना है कि चिकित्सकों ने युवक का पैर काटने की आवश्यकता बताई थी। जिस पर परिवार ने उसकी जान बचाने के उद्देश्य से सहमति भी दे दी थी। बाद में अस्पताल प्रशासन ने खून की कमी होने की जानकारी दी। जिससे परिजन असंतुष्ट हो गए। इसी बीच गोलू की मौत हो गई। जिसके बाद अस्पताल में मौजूद परिजन आक्रोशित हो उठे और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

युवक की मौत के बाद अस्पताल कर्मचारियों और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।