बस्ती में दो महिलाओं से 13.85 लाख की जालसाजी: लखनऊ में सस्ती जमीन का दिया झांसा, 4 पर केस दर्ज

लखनऊ में सस्ती दर पर जमीन दिलाने का भरोसा देकर दो महिलाओं से 13.85 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िताओं की शिकायत पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगल बाजार निवासी शिखा गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके परिचित शिवम, जिनकी मंगल बाजार में भारतीय खिलौना भंडार के नाम से दुकान है और जो जमीन की खरीद-फरोख्त का कार्य भी करते हैं। उन्होंने उन्हें लखनऊ के रजनीखंड, आशियाना (एलडीए कॉलोनी) में 1000-1000 वर्गफुट जमीन कम कीमत पर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया था। आरोप है कि विश्वास दिलाने के लिए जमीन से जुड़े एग्रीमेंट के दस्तावेज भी दिखाए गए।
पैसे लौटाने से भी किया इनकार
शिकायत के अनुसार, भरोसे में आकर शिखा गुप्ता ने अलग-अलग तिथियों में कुल 9.60 लाख रुपये दिए। उनकी ननद रिंकी उर्फ रजनी ने भी 4.25 लाख रुपये का भुगतान किया। आरोप है कि काफी समय बीतने के बावजूद न तो जमीन का बैनामा कराया गया और न ही रकम वापस की गई। जब दोनों महिलाओं ने अपने पैसे मांगे तो आरोपियों ने टालमटोल की और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुरानी बस्ती पुलिस ने इस मामले में शिवम, अर्जुन, इंद्र और सचिन के खिलाफ केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष शशांक शेखर राय ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









