बस्ती में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत: हादसे में एक युवक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

कोतवाली थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। वहीं, दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हरदिया-बक्सई मार्ग पर शेयरापार के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सवार कई फीट दूर जा गिरे और दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घायल युवक को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बक्सई गांव निवासी 21 वर्षीय राज चौधरी, पुत्र देशराज, के रूप में हुई है। वह बाइक से पटेल चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार दूसरी बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क पर दूर तक घिसट गए और दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल राज चौधरी का इलाज शुरू किया। लेकिन रात करीब 8:30 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी बाइक पर सवार बक्सई गांव निवासी 22 वर्षीय मोहित, पुत्र मंगरु, की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक इलाज के बाद उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। उधर, राज चौधरी की असमय मौत से परिवार में शोक की लहर है। वहीं, गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









