तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर: मां की मौत, बेटी का हाथ कटा; बेटा घायल

सोनहा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बैड़वा के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार परिवार गंभीर दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना में उसका एक हाथ कट गया। बाइक चला रहा महिला का बेटा भी घायल हुआ है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार दरियापुर तरकुलहा निवासी अमित अपनी मां आरती और बहन आरती के साथ बाइक से किसी रिश्तेदार के यहां से घर लौट रहे थे। परिवार जैसे ही सोनहा थाना क्षेत्र के बैड़वा गांव के पास पहुंचा कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मां ने मौके पर तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 48 वर्षीय आरती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी 26 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसका एक हाथ दुर्घटना में कट गया। बाइक चला रहे अमित को भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही सोनहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा। चिकित्सकों की निगरानी में घायल बेटी का इलाज जारी है। जबकि उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतका की बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









