बस्ती में डिवाइडर पार करते ही बस से भिड़ी कार: दो युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

बस्ती|18 घंटे पहले
दो युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। नगर बाजार थाना क्षेत्र के रिठिया गांव के पास सामने से आ रही निजी बस से कार की सीधी टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद कार में सवार तीनों युवक अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चिंतामणपुर बाबू टोला निवासी कुंदन कुमार पुत्र मधुसूदन सिंह और माधोपुर फुलवरिया निवासी पंकज कुमार पुत्र राम तपस्या सिंह को मृत घोषित कर दिया।

घायल का इलाज जारी

हादसे में पूर्वी चंपारण के केसरिया निवासी रितिक कुमार पुत्र मोहन प्रसाद गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, कार अयोध्या की ओर से बस्ती आ रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां सामने से आ रही निजी बस से उसकी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया। नगर बाजार थाना पुलिस ने दोनों बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।