बस्ती में व्यापारी की मौत पर उलझी गुत्थी: मृतक की पत्नी और बेटे समेत तीन पर केस, हथियार न मिलने से दोनों एंगल पर होगी जांच

बस्ती|
मृतक की पत्नी और बेटे समेत तीन पर केस, हथियार न मिलने से दोनों एंगल पर होगी जांच

छावनी थाना क्षेत्र के बबुरहवा गांव में व्यापारी रामबहाल की गोली लगने से हुई मौत का मामला अब हत्या और आत्महत्या के बीच उलझ गया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी इंद्रावती, उसके पहले पति के बेटे सर्वेश और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हालांकि घटना में इस्तेमाल हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अब घटना के समय की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह तलाश रही है।

रामबहाल घर के कमरे में गोली लगने से गंभीर हालत में मिले थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद पत्नी इंद्रावती ने पुलिस और आसपास के लोगों को बताया था कि रामबहाल ने खुद को गोली मारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गोली लगना सामने आई है। इसके बाद मृतक के भाई मनबहाल ने पत्नी, सर्वेश और दो अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।

हथियार की तलाश जारी

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इंद्रावती और सर्वेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। देर रात दोनों के अलावा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस घटना से जुड़े लोगों और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। घटना में इस्तेमाल हथियार नहीं मिलने से जांच में यह पहलू अहम बना हुआ है कि गोली कैसे चली और उसके पीछे की वास्तविक परिस्थिति क्या थी?

मामले की जांच में जुटी पुलिस

इंस्पेक्टर राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मां-बेटे समेत तीन लोगों पर केस दर्ज किया गया है। साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना की असल वजह स्पष्ट होगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।