बस्ती में स्कूटी और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत: हादसे में दो की मौत, एक किशोर की हालत गंभीर

बस्ती|08 जून 2026
हादसे में दो की मौत, एक किशोर की हालत गंभीर

मुंडेरवा थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूटी और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार ऊंच गांव जमोहे निवासी 16 वर्षीय शिवम पांडेय अपने साथी 16 वर्षीय शिवम, पुत्र अनिल, के साथ स्कूटी से देवरिया माफी स्थित शिव मंदिर पर आयोजित भंडारे में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान बिहरा चौराहे के पास सामने से आ रही एक बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बहन के घर से लौट रहा था बाइक सवार

पुलिस के मुताबिक बाइक सवार जगदीश पुत्र बसंत, निवासी जगदीशपुर मंझरिया चौराहा, अपनी बहन के घर से दो बच्चों को छोड़कर वापस लौट रहा था। वह अपने बहनोई के पिता मोहित लाल की बाइक चला रहा था। हादसे में स्कूटी और बाइक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

जांच में जुटी पुलिस

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने शिवम पांडेय और जगदीश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे शिवम का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। मुंडेरवा थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मृत्यु हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में मातम का माहौल है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।