अंतिम संस्कार के दौरान बड़ा हादसा: सरयू नदी में उतरे दो युवक डूबे, गोताखोरों और नाविकों का सर्च ऑपरेशन जारी

बस्ती|16 घंटे पहले
सरयू नदी में उतरे दो युवक डूबे, गोताखोरों और नाविकों का सर्च ऑपरेशन जारी

कप्तानगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। ग्राम राखियां के चांदपुर घाट पर सरयू नदी में स्नान करने गए दो युवक अचानक गहरे पानी में समा गए। घटना उस समय हुई जब गांव के लोग एक मृतक के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घाट पर एकत्रित हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। देर शाम तक स्थानीय गोताखोरों, नाविकों और प्रशासनिक टीमों द्वारा लगातार तलाश जारी रही। लेकिन दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम राखियां निवासी सूरज चौधरी के अंतिम संस्कार के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण चांदपुर घाट पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के रहने वाले मनोज कन्नौजिया (25) पुत्र कृष्णा प्रसाद और वीरेंद्र चौधरी (20) पुत्र शीतला प्रसाद सरयू नदी में स्नान करने के लिए उतर गए। जानकारी के मुताबिक स्नान करते समय दोनों युवक धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चले गए। जब तक आसपास मौजूद लोग स्थिति को समझ पाते, दोनों नदी की तेज धारा और गहराई में फंसकर डूबने लगे।

बचाने के प्रयास रहे विफल

घटना को देखकर घाट पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। कई ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर युवकों को बचाने की कोशिश की। तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। कुछ ही क्षणों में दोनों युवक नदी की लहरों में ओझल हो गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को दी गई।

युद्धस्तर पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया। नावों की मदद से नदी के विभिन्न हिस्सों में व्यापक खोज अभियान चलाया गया। प्रशासन का कहना है कि दोनों युवकों की तलाश के लिए हर संभव संसाधन लगाए गए हैं और अभियान लगातार जारी है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बचाव दलों की भी मदद ली जाएगी।

गांव में पसरा मातम

एक ओर गांव के लोग अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में शामिल होने पहुंचे थे। वहीं दूसरी ओर इस हादसे ने पूरे माहौल को और अधिक शोकपूर्ण बना दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण देर शाम तक नदी किनारे डटे रहे। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है। दोनों युवकों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।