बस्ती में युवक ने किया सुसाइड: फंदे से लटकी मिली बॉडी, जांच में जुटी पुलिस

कप्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित कटईया गांव में एक युवक की बॉडी संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के भीतर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया। मृतक की पहचान 20 वर्षीय विशाल उर्म पुत्र कुशल उर्म के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
परिजनों के अनुसार, विशाल अपने कमरे में था। काफी समय तक बाहर नहीं आने पर परिवार के सदस्यों को चिंता हुई। जब परिजन कमरे के भीतर पहुंचे तो विशाल की बॉडी फंदे से लटकी मिली। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची कप्तानगंज थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
हर पहलू की जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य भी एकत्र कर रही है। फिलहाल घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।











