देवरिया में हत्या के प्रयास मामले में पांच आरोपी अरेस्ट: रेलवे लाइन के पास से पुलिस ने दबोचा, एक फरार की तलाश जारी

देवरिया|1 घंटा पहले
रेलवे लाइन के पास से पुलिस ने दबोचा, एक फरार की तलाश जारी

सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने पांच वांछित आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। पुलिस ने यह गिरफ्तारी सलेमपुर ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन के पास से की। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द अरेस्ट कर लिया जाएगा।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

19 मई की रात हुआ था हमला

पुलिस के अनुसार, घटना 19 मई की रात की है। नवलपुर निवासी मीना तिवारी ने 23 मई को सलेमपुर कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनका पुत्र सोनू तिवारी रात में घर लौट रहा था। इसी दौरान परान छपरा ढाले के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने अपने साथी मुन्ना उर्फ जुमेरती के साथ मिलकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने धारदार हथियार, ईंट और अन्य वस्तुओं से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।

पुलिस ने दबिश देकर पकड़े आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सलेमपुर ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन के पास मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार उर्फ संदीप, अर्जुन राजभर, आशीष राजभर, विश्वनाथ कुमार गोसाईं और काशी कुमार गोसाईं के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

एक आरोपी अभी भी फरार

पुलिस के मुताबिक, मामले का एक अन्य आरोपी मुन्ना उर्फ जुमेरती अभी फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी अरेस्ट कर लिया जाएगा।

आपराधिक रिकॉर्ड भी चेक कर रही पुलिस

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अर्जुन राजभर के खिलाफ पहले से कई आपराधिक केस दर्ज हैं। उस पर एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत भी मामले चल रहे हैं। पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।