पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत: बाजार से खरीदारी कर लौट रहा था वापस, 15 दिन पहले हैदराबाद से लौटा था घर

देवरिया|1 घंटा पहले
बाजार से खरीदारी कर लौट रहा था वापस, 15 दिन पहले हैदराबाद से लौटा था घर

भलुअनी थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पोखर भिंडा गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान पोखर भिंडा निवासी 31 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र कौशल प्रसाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अनिल कुमार बाजार से खरीदारी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पोखर भिंडा गांव के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अनिल कुमार को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

हैदराबाद में करता था काम

परिजनों ने बताया कि अनिल कुमार रोजी-रोटी कमाने के लिए हैदराबाद में रहते थे। वह करीब 15 दिन पहले ही अपने घर लौटे थे और परिवार के साथ समय बिता रहे थे। किसी ने नहीं सोचा था कि घर लौटने के कुछ ही दिनों बाद यह दुखद हादसा पूरे परिवार की खुशियां छीन लेगा।

फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही टक्कर मारने वाले फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। युवक की असामयिक मौत से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।