देवरिया में शादी के 3 महीने बाद नवविवाहिता की मौत: फंदे से लटकी मिली बॉडी, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

भटनी थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में विवाह के तीन महीने के भीतर एक नवविवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बॉडी पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दी है। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
मृतका की पहचान 23 वर्षीय नेहा चौरसिया, पत्नी अमित चौरसिया, निवासी सिंहपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बुधवार रात नेहा ने परिवार के साथ भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चली गई। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो उसका शव पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
रात में मां से फोन पर की थी बात
सूचना मिलने पर मृतका के पिता संजय चौरसिया और माता रीता देवी, निवासी रतनपुरा, बरियारपुर थाना क्षेत्र, मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे नेहा ने अपनी मां से फोन पर बातचीत की थी और कुछ घंटों बाद उसकी मौत की सूचना मिली। इस घटनाक्रम को लेकर उन्होंने मामले की गहन जांच की मांग की है।
सदमे में दोनों परिवार
जानकारी के अनुसार नेहा की शादी 25 अप्रैल 2026 को अमित चौरसिया से हुई थी। विवाह को अभी तीन महीने भी पूरे नहीं हुए थे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और दोनों परिवार सदमे में हैं। भटनी पुलिस ने बॉडी का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









