देवरिया में बहनों की जान बचाकर भाई डूबा: चीख सुन नदी में कूदा था किशोर, पूजा के दौरान हुआ हादसा

देवरिया|1 घंटा पहले
चीख सुन नदी में कूदा था किशोर, पूजा के दौरान हुआ हादसा

राप्ती नदी में डूब रही अपनी दो बहनों की जान बचाने के दौरान 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मदनपुर थाना क्षेत्र के मोहरा गांव में हुई इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। साहस का परिचय देते हुए किशोर ने पहले दोनों बहनों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल दिया। लेकिन खुद गहरे पानी में फंस गया और डूबने से उसकी जान चली गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

जानकारी के अनुसार गांव के समीप राप्ती नदी तट पर महिलाएं और बच्चे पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान रीता और माया नाम की दो बहनें नदी में स्नान कर रही थीं। स्नान करते समय अचानक दोनों का पैर फिसल गया। वे गहरे पानी में चली गईं। खुद को डूबता देख दोनों ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। बहनों की आवाज सुनकर उनका 14 वर्षीय भाई सोनू पासवान पुत्र विजयी पासवान बिना किसी देर किए नदी में छलांग लगा दी। ग्रामीणों के मुताबिक सोनू ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों बहनों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया। लेकिन इस दौरान वह स्वयं गहरे पानी में फंस गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर उसे बाहर निकाला और गंभीर हालत में महेन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता को दुबई में दी गई सूचना

सोनू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां मीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, भाई भोलू और बहनें रीता और माया भी गहरे सदमे में हैं। बताया गया कि सोनू के पिता विजयी पासवान रोजगार के सिलसिले में एक दिन पहले ही दुबई गए थे। घटना की सूचना उन्हें भी दे दी गई है।

प्रशासन ने लिया घटनास्थल का जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम बरहज हरिशंकर लाल मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। वहीं, मदनपुर थाना पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने सोनू की बहादुरी को याद करते हुए कहा कि उसने अपनी जान की परवाह किए बिना अपनी बहनों की जिंदगी बचाई। लेकिन खुद जिंदगी की जंग हार गया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।