फर्जी डेथ सर्टिफिकेट से संपत्ति हड़पने का आरोप: कोर्ट के आदेश पर चार के खिलाफ केस दर्ज, थाने में पहले से दर्ज है केस

गौरीबाजार थाना क्षेत्र के संझवा गांव में कथित फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र तैयार कर संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। न्यायालय के निर्देश पर सदर कोतवाली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनकी संपत्ति हड़पने का प्रयास किया गया।
शिकायतकर्ता टिंकी उर्फ रिंकी, पत्नी स्वर्गीय गिरधर, का आरोप है कि पति की मृत्यु के बाद उनके भतीजों शैलेंद्र, जगजीत, शंभू और निरंजन ने फर्जी वसीयत तैयार कर संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची। इस मामले में गौरीबाजार थाने में पहले से एक केस दर्ज है। इसकी विवेचना जारी है।
नगर पालिका के नाम से बनाया गया कथित फर्जी प्रमाण-पत्र
शिकायत के अनुसार 10 जून 2023 की तिथि दर्शाते हुए उनके पति का कथित फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र नगर पालिका के नाम से तैयार कराया गया। नगर पालिका प्रशासन की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित प्रमाण-पत्र उनके कार्यालय से जारी ही नहीं किया गया था। आरोप है कि इसके बावजूद इस दस्तावेज का विभिन्न स्थानों पर इस्तेमाल किया गया।
कार्रवाई न होने पर पहुंचीं न्यायालय
रिंकी का कहना है कि उन्होंने सबसे पहले गौरीबाजार थाने में शिकायत दी थी। लेकिन मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का बताते हुए उन्हें वहां भेज दिया गया। इसके बाद सदर कोतवाली में भी तहरीर दी गई। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस से राहत नहीं मिलने पर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सदर कोतवाली पुलिस ने संझवा गांव निवासी शैलेंद्र, जगजीत, शंभू और निरंजन के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सदर कोतवाल राकेश कुमार राय ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









