दलित किशोरी को पेड़ से बांधकर की पिटाई: चोरी के आरोप में बाल पकड़कर गांव में घुमाया, आरोपी अरेस्ट

तरकुलवा थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जहां चोरी के आरोप में एक दलित किशोरी को कथित तौर पर पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को अरेस्ट कर लिया। इस घटना ने कानून व्यवस्था और सामाजिक संवेदनशीलता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार मिश्रौली गांव निवासी हरिकेश गुप्ता की गांव में किराना दुकान है। आरोप है कि उन्होंने दुकान से चोरी का संदेह जताते हुए गांव की एक किशोरी को पकड़ लिया। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी ने किशोरी के साथ अभद्र व्यवहार किया। पहले उसके बाल पकड़कर गांव में घुमाया और बाद में अपने घर के बाहर स्थित नीम के पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। किशोरी को पेड़ से मुक्त कराया। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी जुटाई और संबंधित पक्षों से पूछताछ शुरू की। वीडियो वायरल होने के बाद सीनियर अफसरों ने भी मामले का संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के बाद आरोपी हरिकेश गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस किशोरी और उसके परिजनों के बयान भी दर्ज कर रही है। जिससे मामले की सभी परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके।
कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। यदि किसी पर चोरी या अन्य अपराध का संदेह हो तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए। घटना के बाद गांव में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









