बिहार में देवरिया के मेल डांसर की हत्या: विरोध करने पर बदमाशों ने मारी गोली, मौके से फरार आरोपी

देवरिया|1 घंटा पहले
विरोध करने पर बदमाशों ने मारी गोली, मौके से फरार आरोपी

जिले के एक मेल डांसर की बिहार के गोपालगंज में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कटेया थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि परफॉर्मेंस के बाद स्टेज के पीछे आराम कर रहे डांसर को कुछ युवक जबरन अपने साथ सुनसान स्थान पर ले जाना चाहते थे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके पेट में गोली मार दी। घायल डांसर को अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कलाकारों और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

मृतक की पहचान देवरिया जिले के तरकुलवा क्षेत्र के महुआ पाटन गांव निवासी सोनू गोड़ (32) के रूप में हुई है। वह एक डांस-ड्रामा पार्टी में मेल डांसर के रूप में कार्य करता था। धर्मेंद्र कुशवाहा की शादी में शामिल बारात गोपालगंज के पटोहवा गांव पहुंची थी। इसी बारात के साथ डांस-ड्रामा पार्टी भी बिहार गई थी। इसमें सोनू गोड़ समेत छह डांसर शामिल थे।

स्टेज के पीछे आराम कर रहा था डांसर

डांस पार्टी के संचालक रामायण यादव के अनुसार कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। प्रस्तुति देने के बाद सभी कलाकार स्टेज के पीछे बने टेंट में आराम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उसका हाथ पकड़कर उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया और खुद को छुड़ाने की कोशिश की। इसके बाद बदमाशों ने उसके पेट में पिस्टल सटाकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

परिवार का एकमात्र सहारा था सोनू

परिजनों के अनुसार सोनू गोड़ पिछले सात वर्षों से विभिन्न पार्टियों में डांसर के रूप में काम कर रहा था। माता-पिता के निधन के बाद वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी, तीन छोटे बच्चे और एक छोटा भाई है, जिनकी जिम्मेदारी उसी पर थी।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय कलाकारों, ग्रामीणों और परिजनों में गहरा आक्रोश है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।