देवरिया में पति ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला: धारदार हथियार से गला काटा, हालत गंभीर

शहर के रामगुलाम टोला मोहल्ले में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में महिला के गले पर गहरा वार हुआ। जिसके बाद उसे तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र निवासी पवन गिरि के रूप में हुई है। वह मुंबई में वेल्डिंग का काम करता है। उसकी पत्नी अन्नू गिरि देवरिया शहर के रामगुलाम टोला स्थित किराए के मकान में रह रही थी। बताया जा रहा है कि पवन कुछ दिन पहले मुंबई से घर लौटा था और पत्नी को अपने साथ ले जाने को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। रविवार रात भी इसी मुद्दे पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर पवन ने कथित तौर पर धारदार हथियार से पत्नी के गले पर हमला कर दिया। हमले के बाद महिला लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी तथा कोतवाली पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां उसका उपचार जारी है। कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार राय ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में उसके नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पीड़िता की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









