देवरिया में स्कूल निरीक्षण में लापरवाही बरतने पर रुकेगा वेतन: साझा करे लाइव लोकेशन, डीएम ने दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सरकारी स्कूलों के निरीक्षण में लापरवाही बरतने पर जिला समन्वयकों (DC) का वेतन रोकने का आदेश दिया गया है। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने निर्देश दिया है कि जो भी अधिकारी सुबह 7:30 बजे तक अपने निर्धारित निरीक्षण क्षेत्र की लाइव लोकेशन नहीं भेजेंगे, उन्हें अनुपस्थित मानकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयकों एवं सलेमपुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान विद्यालयों के निरीक्षण में लगाए गए अधिकारियों की बैठक मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान डीएम ने विद्यालयों के निरीक्षण से प्राप्त फीडबैक की समीक्षा की।
अनुपस्थित मानकर रोक दिया जाएगा वेतन
डीएम ने सभी डीसी को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर लोकेशन साझा करें। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि जो डीसी निर्धारित समय पर लोकेशन उपलब्ध नहीं कराए, उसे अनुपस्थित मानते हुए उसका वेतन रोक दिया जाए। डीएम ने अभिभावक-शिक्षक बैठक नियमित रूप से आयोजित कराने के लिए शिक्षकों को प्रेरित करने के निर्देश दिए।











