देवरिया में वज्रपात से महिला समेत दो की मौत: एक युवक गंभीर, मवेशी की भी गई जान

देवरिया|29 मई 2026
एक युवक गंभीर, मवेशी की भी गई जान

जिले में शुक्रवार सुबह मौसम का बदला मिजाज कई परिवारों पर भारी पड़ गया। तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक के बीच अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया है। वहीं एक भैंस की भी वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई है। अचानक हुई इस घटना से प्रभावित गांवों में मातम का माहौल है। प्रशासन ने घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद संबंधित थाना पुलिस को मौके पर भेजकर जांच शुरू कर दी है।

भाटपाररानी तहसील क्षेत्र के श्रीरामपुर स्थित अहिबरन राय टोला में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से सुरजावती की मौत हो गई। बताया गया कि सुरजावती दो दिन पहले ही अपनी छह माह की बेटी के साथ मायके आई थीं। उनके पिता नए मकान का निर्माण करा रहे थे। शुक्रवार भोर में मौसम खराब होने पर परिवार के लोग निर्माणाधीन मकान के सामने बने अस्थायी छप्पर के नीचे बैठे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और सुरजावती उसकी चपेट में आ गईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपाररानी लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घर के बाहर बैठे युवक की गई जान

खुखुंदू थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार भी वज्रपात की चपेट में आ गए। जानकारी के अनुसार वह शुक्रवार सुबह अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इसी तरह गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सोहसा गांव के करौदी टोला निवासी 30 वर्षीय राजन खेत की ओर गए थे। तेज बारिश और बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीबाजार लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

प्रशासन ने दी सतर्कता की सलाह

भलुअनी थाना क्षेत्र के धनौती गांव में मनोज यादव की भैंस भी वज्रपात की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लगातार हो रहे वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और खेतों से दूर रहने की सलाह दी है। अधिकारियों ने कहा कि गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। जिससे इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।