देवरिया में प्रसूता की मौत पर फूटा गुस्सा: इलाज के दौरान तोड़ा दम, सीएचसी में परिजनों ने किया हंगामा

बरहज नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाज के दौरान एक प्रसूता की मौत के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मृतका के परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ। घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, पुराना बरहज निवासी 30 वर्षीय अनीता, पत्नी सुरेंद्र प्रसाद को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन सीएचसी बरहज लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज शुरू किया। लेकिन कुछ समय बाद उनकी हालत गंभीर होने लगी। स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। वहां भी स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर अनीता को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इलाज में लापरवाही का आरोप
बुधवार सुबह परिजन प्रसूता का शव लेकर वापस सीएचसी पहुंचे और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि अस्पताल में समय रहते उचित उपचार और बेहतर चिकित्सकीय प्रबंधन नहीं मिला। जिसके कारण अनीता की जान चली गई। परिजनों का कहना था कि यदि समय पर सही निर्णय और इलाज मिलता तो प्रसूता को बचाया जा सकता था।
जांच का आश्वासन
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। नगर के कुछ गणमान्य लोगों ने भी हस्तक्षेप कर माहौल शांत कराने में सहयोग किया। सीएचसी प्रभारी डॉ. बीएन यादव ने बताया कि मरीज की स्थिति पहले से ही गंभीर थी। इसलिए उसे बेहतर उपचार के लिए उच्च केंद्र रेफर किया गया था। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतका के परिवार में शोक का माहौल है। जबकि स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।











