देवरिया में टायर फटने से बेकाबू हुई स्कूली बस: ई-रिक्शा को मारी जोरदार टक्कर, चालक की मौत और 10 घायल

देवरिया|9 घंटे पहले
ई-रिक्शा को मारी जोरदार टक्कर, चालक की मौत और 10 घायल

गौरी बाजार-हाटा मार्ग पर मंगलवार को स्कूली बस का टायर अचानक फटने से बड़ा हादसा हो गया। रामपुर चौराहे के पास टायर फटने के बाद बस अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ई-रिक्शा से जा भिड़ी। टक्कर में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि स्कूली बच्चों और शिक्षकों समेत 10 लोगों के घायल होने की जानकारी है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरी बाजार भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, एसबीटी स्कूल की बस बच्चों और शिक्षकों को लेकर गौरी बाजार-हाटा मार्ग से गुजर रही थी। रामपुर चौराहे के समीप अचानक बस का एक टायर फट गया। इसके बाद चालक बस को नियंत्रित नहीं कर सका और वाहन आगे चल रहे ई-रिक्शा से टकरा गया। ई-रिक्शा में भी स्कूली बच्चे सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा चालक अकबर पुत्र मुकादिर निवासी बिशनपुर गौरी बाजार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बच्चों और शिक्षकों को आई चोटें

दुर्घटना में बस में सवार पांच शिक्षक और आठ बच्चे घायल हुए हैं। वहीं, ई-रिक्शा में बैठे दो बच्चों को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

घायलों को मेडिकल कॉलेज किया रेफर

सीओ गौरी बाजार सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि हादसे में ई-रिक्शा चालक की मृत्यु हुई है। घायल लोगों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।