देवरिया में डीएम ने स्कूल का किया औचक निरीक्षण: खामियां मिलने पर बीईओ को दी सख्त चेतावनी, ट्रामा सेंटर एक हफ्ते में शुरू करने के दिए निर्देश

देवरिया|1 घंटा पहले
खामियां मिलने पर बीईओ को दी सख्त चेतावनी, ट्रामा सेंटर एक हफ्ते में शुरू करने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पथरहट (गौरीबाजार), उप-पंजीयक कार्यालय और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां विद्यालय के पर्यवेक्षण में लापरवाही मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) गौरीबाजार को कड़ी चेतावनी दी गई। वहीं निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर को एक सप्ताह के भीतर हर हाल में शुरू कराने के निर्देश भी जारी किए गए।

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण पंजिका में बीईओ के भ्रमण या निरीक्षण का कोई उल्लेख नहीं मिला। साथ ही शिक्षक-अभिभावक बैठक का भी कोई रिकॉर्ड दर्ज नहीं पाया गया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए डीएम ने बीईओ को तत्काल कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोबारा ऐसी स्थिति मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वार्डन को साफ-सफाई के दिए निर्देश

विद्यालय में साफ-सफाई, पठन-पाठन, छात्रावास, रसोईघर और छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। वार्डन को निर्देश दिए गए कि परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा शासन की सभी स्वीकृत सुविधाएं समय पर देने, छात्राओं को कौशल विकास गतिविधियों से जोड़ने, नामांकन के अनुरूप शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और सुरक्षित व बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान वार्डन पुष्पलता सिंह और अध्यापिका शिल्पा कुशवाहा सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

उप-पंजीयक कार्यालय की व्यवस्था भी परखी

इसके बाद जिलाधिकारी ने देवरिया स्थित उप-पंजीयक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रजिस्ट्री कार्य, अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालय की स्वच्छता और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने प्रतीक्षालय, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और शौचालय का भी निरीक्षण किया तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और निर्धारित नियमों के अनुरूप होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब, टालमटोल या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

ट्रामा सेंटर के निर्माण कार्यों की समीक्षा की

निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ट्रामा सेंटर के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ऑक्सीजन सप्लाई पाइप को लिक्विड ऑक्सीजन (एलओएक्स) टैंक से तत्काल जोड़ने और ट्रामा सेंटर से जुड़े सभी शेष कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक चिकित्सा सेवाओं को भी जल्द ट्रामा सेंटर में स्थानांतरित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने अथवा लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।